डेस्क:
भारत में रहने वाले सभी लोगों के लिए आधार कार्ड (Aadhar Card) काफी जरूरी है। यह हमारे भारतीय नागरिक की पहचान का प्रमाण है। ऐसे में भारत सरकार ने सभी नागरिकों के लिए आधार कार्ड को बहुत पहले ही अनिवार्य कर दिया था। अब सरकार ने इसमें एक नए नियम को जोड़ा है। UIDAI की ओर से जारी निर्देश के अनुसार जिन लोगों को 10 वर्ष पहले आधार जारी किया गया था और उसके बाद के वर्षों में उन्होंने उसे कभी भी अपडेट नहीं कराया है तो ऐसे आधार नंबर धारकों को अपने दस्तावेज अपडेट कराने की जरूरत है। भारत सरकार ने 10 साल में एक बार आधार कार्ड को अपडेट कराना अनिवार्य ( mandatory to update Aadhaar card once in 10 years) कर दिया है।

रिकॉर्ड को अपडेट करना चाहती है सरकार
इसके पीछे सरकार की मंशा अपने रिकॉर्ड को अपडेट करने की है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से एक गैजेट पत्र जारी किया गया है, जिसमें इस नए नियम का नोटिफिकेशन दिया गया है। इसके मुताबिक अब हर इंसान को 10 साल में कम से कम एक बार अपना आधार कार्ड अपडेट करना अनिवार्य होगा। बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित 319 योजनाओं सहित 1100 से अधिक सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पाने के लिए आधार आधारित पहचान की जरूरत पड़ती है।

UIDAI का देशवासियों से आग्रह
UIDAI ने निवासियों को अपने दस्तावेजों को अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित किया है। 9 नवंबर, 2022 को अधिसूचित आधार (नामांकन और अपडेट) (दसवां संशोधन) विनियम इस दिशा में एक और कदम था। UIDAI एक बार फिर निवासियों से आधार डेटाबेस में जानकारी की निरंतर सटीकता के लिए अपने दस्तावेज़ों को अपडेट करने का आग्रह और प्रोत्साहित करता है। आधार में दस्तावेजों को अपडेट करने से जीवन को सुगम बनाने, बेहतर सेवा वितरण में मदद मिलती है, और सटीक प्रमाणीकरण होता है।